कंसहरी-कासिमाबाद बाईपास मार्ग पर फंसा धान की भूसी लदा ट्रक। संवाद
मरदह। क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर स्थित कंसहरी गांव से कासिमाबाद बाईपास जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क निर्माण के दौरान बिखरी गिट्टी के कारण धान की भूसी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पटरी पर 3 फीट गहरे गड्ढे में फंस गया। लगभग 10 घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। चालक और खलासी सुरक्षित हैं। ट्रक चालक विमलेश ने बताया कि सामने से आ रहे वाहनों को रास्ता देने और सड़क पर फैली गिट्टी से बचने के लिए उसने ट्रक को थोड़ा किनारे किया। इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और उसके पहिए मिट्टी एवं गिट्टी में धंस गए। ट्रक के सड़क के बीच फंस जाने से बाईपास मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। इसके चलते कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय संजू सिंह ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन बाईपास पर मिट्टी नरम है और चौड़ीकरण का काम अधूरा है। इसी वजह से भारी वाहन प्रतिदिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। मांग किया कि सड़क के किनारे मिट्टी मजबूत की जाए और ट्रैफिक डायवर्जन की उचित व्यवस्था की जाए।