बारा। ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार बालू लदा ओवरलोड ट्रक असंतुलित होकर सड़क के बीचो-बीच पलट गया। बाल-बाल बचे चालक और खलासी ट्रक को छोड़कर फरार हो गए। ट्रक के पलटने से मार्ग तीन घंटे तक अवरुद्ध रहा। पुलिस ने रेवतीपुर-बारा बाइपास मार्ग से वाहनों का आवागमन शुरु कराया। ओवरलोड ट्रक बिहार से गहमर की ओर जा रहा था। गहमर पूर्वी पंप कैनाल नहर के पास संभवत: चालक को झपकी आ गई। ऐसे में ट्रक असंतुलित होकर मुख्य मार्ग पर पलट गया। मार्ग पर फैले ट्रक पर लदे बालू को दूसरे ट्रैक्टरों पर लोड किया गया। इससे तीन घंटे मार्ग पर आवागमन ठप रहा। पुलिस वाहनों को रेवतीपुर-बारा बाइपास मार्ग से भेजने में जुटी रही।