वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत जिले में कार्यरत सात खंड शिक्षा अधिकारियों का तबादला गैरजनपद में कर दिया गया है। इन खंड शिक्षा अधिकारियों के स्थान पर दूसरे जिले से सात खंड शिक्षा अधिकारियों को स्थानांतरित कर यहां भेजा गया है। जिले से स्थानांतरित हुए सभी सात खंड शिक्षा अधिकारी सात वर्ष से अधिक से कार्यरत थे। स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारियों में मनोज कुमार शर्मा और राघवेंद्र प्रताप सिंह को आजमगढ़, सुदामा को ललितपुर, राजेश यादव को प्रयागराज, धनपति यादव को अंबेडकर नगर, उदयराज मौर्या को सुल्तानपुर और जयराम को कौशांबी भेजा गया है। आनलाइन स्थानांतरण में दूसरे जिलों से जिन खंड शिक्षा अधिकारियों का स्थानांतरण यहां हुआ है, उनमें बलिया से सुनील कुमार, प्रयागराज से सीताराम सिंह यादव और राममूर्ति यादव, अमेठी से रियाज अहमद ,सोनभद्र से उदयचंद राय, कुशीनगर से सुरेंद्रनाथ और बलरामपुर से महेंद्र कुमार शामिल हैं। ऑनलाइन स्थानांतरण की सूची बेसिक शिक्षा के निदेशक की ओर से जारी की गई है। इस सूची को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास भेज दिया गया है। इससे पूर्व शासन की ओर से स्थानांतरण चाहने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों से पांच-पांच जिलों का विकल्प मांगा गया था। अधिकांश खंड शिक्षा अधिकारियों को भरे गए विकल्प में से जिला मिल गया है, लेकिन जिन खंड शिक्षा अधिकारियों को भरे गए पांचों विकल्प में से एक भी नहीं मिला है। ऐसे में खंड शिक्षा अधिकारियों में असंतोष व्याप्त है।