गाजीपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में स्थापित सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की चिकित्सकीय व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया है। डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने सोमवार को 15 डॉक्टरों का स्थानांतरण कर दिया। वहीं डिप्टी सीएमओ के पद पर तैनात डा. मनमोहन मिश्रा को रेवतीपुर स्थानांतरित कर दिया गया। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कोरोना संक्रमण काल के दौरान जिला प्रशासन को शिकायत मिल रही थी कि सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात डॉक्टर हमेश ही अनुपस्थित रहते हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को उपचार के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई चिकित्सक बीमार पड़ने का बहाना बनाकर अपने निजी नर्सिंग होम का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में स्थिति काफी खराब होती जा रही है। इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सीएमओ को डॉक्टरों का स्थानांतरण करने के बाद रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया था। देर शाम सीएमओ ने सैदपुर सीएचसी पर तैनात डा. संजय मोहन गुप्ता को करंडा, खानपुर के चिकित्सक डा. सौरभ सोनकर को पीएचसी बरहट, मनिहारी सीएचसी पर तैनात डा. दिनेश चंद्रा को सीएचसी बिरनो पर स्थानांतरित कर दिया है। इसके अलावा सैदपुर सीएचसी से डा. दीपक पांडेय को पीएचसी पहेतिया, डा. सुजीत कुमार को पीएचसी हथियाराम से मलिकपुरा पीएचसी, डा. आनंद कुमार बरुइन सीएचसी से कासिमाबाद सीएचसी, डा. एससी जायसवाल को गोड़उर सीएचसी से अभईपुर पीएचसी, डा. मुहम्मद हारून को भदौरा सीएचसी से देवल पीएचसी, डा. रविरंजन को भदौरा से पीएचसी उतरौली, डा. महिघर मिश्रा को पीएचसी देवचंदपुर को बड़सरा पीएचसी, डा. पूजा श्रीवास्तव को जखनिया सीएचसी से मैनपुर पीएचसी, डा. विरेंद्र कुमार यादव को सीएचसी जखनिया से राजापुर पीएचसी, डा. मनीषा सिंह को जमानिया सीएचसी से देवैथा पीएचसी, डा. रमेश प्रसाद को सीएचसी सादात पर स्थानांतरित कर दिया गया। डिप्टी सीएमओ डा. मनमोहन मिश्रा का तत्काल प्रभाव से रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थानांतरण कर दिया गया। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।