कासिमाबाद। कैश रूम एवं काउंटर की चाभी नहीं होने से जिला सहकारी बैंक की शाखा में दो दिनों से लेन-देन बंद है। कारण, कैशियर के चाभी लेकर दो दिन से छुट्टी पर जाना बताया जा रहा है। कैशियर के पास शाखा प्रबंधक का भी प्रभार है। ऐसे में बैंक में आ रहे उपभोक्ता लेन-देन न होने से नाराज हैं। जिला सहकारी बैंक में कर्मचारियों की कमी के कारण प्रबंधक का प्रभार भी कैशियर के पास है। कैशियर बीते 13 फरवरी को दो दिन 15 एवं 16 फरवरी को महाप्रबंधक से छुट्टी लेकर घर चली गईं। मुख्य शाखा से किसी को चार्ज लेने के लिए अधिकृत नहीं किया गया। इसके चलते बैंक की चाभी कैशियर के पास रह गई। 15 फरवरी को मुख्य शाखा से बैंक का चार्ज लेने के लिए सर्वजीत यादव को भेजा गया, चाभी नहीं होने से वह काम नहीं कर पाए। मंगलवार को भी चाभी नहीं होने लेनदेन नहीं हो सका। शाखा पर पैसे के लिए खड़े रामाश्रय सिंह ने बताया कि दो दिनों से कई बार बैंक आया, लेकिन रकम नहीं मिल सकी। सचिव/महाप्रबंधक विजयशंकर गुप्ता ने बताया कि गया बैंक की चाभी कैशियर के पास है। वह दो दिनों की छुट्टी लेकर घर चली गई हैं। जिसको चार्ज पर भेजा गया है, उसके पास चाभी नहीं है। इसके कारण बैंक का लेन-देन बंद है। लापरवाही में कैशियर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।