जमानिया। वन विभाग की ओर से इस वर्ष ग्राम सभावार सूची तैयार कर पौधों का वितरण किया जाएगा। इन पौधों को किसान भी ले सकेंगे। पौधरोपण को लेकर बृहस्पतिवार को विकासखंड में वन विभाग के अधिकारियों ने बैठक की। नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को इससे संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। वन विभाग के एसडीओ जयप्रकाश ने कहा कि वनों में हो रही अवैध कटान के चलते पर्यावरण को खतरा पहुंच रहा है। अंधाधुंध पेड़ कटने से वन जीवों एवं मनुष्यों के बीच लगातार संघर्ष बढ़ रहा है। पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए पेड़ों की कटाई रोकने के साथ ही नये वृक्ष लगाने होंगे। सड़कों के किनारे पीपल एवं बरगद का पेड़ लगाने से जहां पर्यावरण शुद्ध होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों को लगाए गए पौधों के रख रखाव सहित अन्य जानकारी दी। कहा कि अगर जरूरत पड़ने पर ट्री-गार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि पौधे सुरक्षित रह सकें। बीडीओ हरिनारायन ने कहा कि रोजगार सेवक सेक्रेटरी ग्राम प्रधान को वृक्ष अभिभावक बनाया गया है और पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हीं को सौंपी गई है। इस दौरान उन्होंने प्रति ग्राम सभा 1493 पौधे दिये जाने की बात कही। इस अवसर पर जयप्रकाश पांडेय अरुण पांडेय संतोष कुमार कृष्णा मौर्य ललिता चौधरी मेवालाल वर्मा मनोज आदि मौजूद थे।