प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी पश्चिम मध्य रेलवे-जबलपुर प्रभात कुमार एवं उनकी इंटर रेलवे सेफ्टी ऑडिट टीम ने बुधवार को वाराणसी सिटी-फेफना रेल खंड का तथा पड़ने वाले स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन सेट डिपो औड़िहार का भी निरीक्षण किया।
टीम ने वाराणसी सिटी-औड़िहार के बीच पड़ने वाले समपार संख्या 20सी को देखा। इस दौरान गेट के हाइट गेज, ट्रैक की चौड़ाई, ट्रैक एवं सड़क का लेवल बूम लॉकिंग, चेतावनी बोर्ड संकेत, रिफ्लेक्टर स्टीकर, गेट मैन की केबिन के साथ पीएमई प्रमाण पत्र की जांच की।
उन्होंने ट्रेन सेट डिपो औड़िहार का निरीक्षण किया। वहां पर उपस्थित वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ट्रैन सेट) से ट्रेन सेट डिपो में मेमू रेकों के अनुरक्षण से संबंधित उपकरण के बारे में जानकारी प्राप्त की। डिपो का निरीक्षण करने के बाद प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी ने अपनी सेफ्टी ऑडिट टीम के साथ निरीक्षण यान से सैदपुर भितरी तथा तरांव रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
स्टेशन पर परिचालनिक संरक्षा एवं यात्री सुरक्षा से जुड़े सभी संसाधनों का गहन निरीक्षण कर लाइन कर्मचारियों के प्रशिक्षण की समीक्षा की। संरक्षा की दृष्टि से कर्मचारियों का ज्ञान परखा गया। इसके बाद निरीक्षण स्पेशल से विद्युतीकृत दोहरी लाइन के रेलवे ट्रैक एवं ओवरहेड ट्रैक्शन की जांच की।
टीम ने नंदगंज, आंकुशपुर, गाजीपुर सिटी एवं गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशनों का सेफ्टी ऑडिट निरीक्षण किया। अंत में सेफ्टी ऑडिट टीम ने अपनी निरीक्षण स्पेशल से गाजीपुर घाट से वाराणसी सिटी तक सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल किया।
इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य सिग्नल इंजीनियर राकेश कुमार, मुख्य यात्री यातायात परिवहन प्रबंधक सुवीर श्रीवास्तव, मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर आशीष कुल्हाड़ा, मुख्य ट्रैक इंजीनियर एलपी सिंह आदि उपस्थित थे।