जमानिया/सुहवल। संक्रमण को लेकर दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन पर निरस्त की गई डीटी पैसेंजर ट्रेन शनिवार से चलने लगेगी। इसके परिचालन को विभाग ने हरी झंडी दे दी है। हालांकि ट्रेन का केवल शाम को परिचालन किए जाने से यात्रियों में मायूसी है। रेल यात्री परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने डीआरएम हाजीपुर जोन से ट्रेन का सुबह तथा दोपहर का फेरा बहाल करने का मांग की है। 03641/03642 दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-दिलदारनगर जंक्शन-दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन स्पेशल पैसेंजर ट्रेन शनिवार से अपने निर्धारित समय 6:15 बजे डीडीयू जंक्शन से चलकर 7:45 बजे दिलदारनगर जंक्शन पर पहुंचेगी। शाम को 4:45 बजे 03647/03648 डीटी पैसेंजर ट्रेन ताड़ीघाट के लिए रवाना होगी। पुन: साढ़े सात बजे डीडीयू जंक्शन के लिए रवाना हो जाएगी। ऐसे में दिलदारनगर तक यात्रा करने वाले यात्रियों को तो राहत मिलेगी लेकिन सुबह और दोपहर का फेरा निरस्त होने पर दिलदारनगर से ताड़ीघाट होकर गाजीपुर जिला मुख्यालय के अलावा दैनिक रोजमर्रा के लिए आने-जाने वाले यात्रियों की समस्या जस की तस बनी रहेगी। दिलदारनगर जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक एनए खान ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शाम को एक फेरा डीटी पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएगी। जिस प्रकार का निर्देश जारी किया जाएगा, उसी के अनुसार ट्रेन का परिचालन होगा।