राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर कठवामोड से पहले छोटे व भारी वाहन फंसे, एक किमी तक लगा जाम, खेतों के रास्ते न
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले के कई मुख्य मार्गो पर इन दिनों लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। अनलाक के बाद नवरात्र शुरू हाते ही मार्गो पर आम राहगीरों एवं वाहनों का दबाव एकाएक बढ़ गया है। ऐसे में गांव के संपर्क मार्ग से लेकर मुख्य मार्गो पर जाम की स्थिति है। शहर के कई इलाकों में भी जाम लग रहा है। गाजीपुर-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेसो नदी पर बने कठवामोड़ पुल करीब एक महीने से टूट रहा है। ऐसे में बगल के बाइपास से भारी एवं छोटे वाहनों को गुजारा जा रहा है। बाईपास मार्ग जर्जर होने तथा इस पर वाहनों का दबाव अधिक होने से प्रतिदिन सुबह, शाम और दोपहर में जाम लग जा रहा है। भोर से लेकर देर रात तक लोग रोजाना जाम से जूझ रहे हैं। रविवार और सोमवार को इस मार्ग पर भोर से ही जाम लगने की वजह से लोग परेशान दिखे। राहगीरों ने बताया कि यह रोज की दशा है। यही हाल गाजीपुर से जमानिया और रेवतीपुर मार्ग पर देखने को मिल रही है। यहां हमीद सेतु के दोनों तरह देर रात से भारी व छोटे वाहनों का जाम लग जा रहा है। यह स्थिति प्रतिदिन पूर्वांह्न दस से 11 बजे तक बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि हमीद सेतु पर जाम पुलिस की अवैध वसूली की वजह से लगता है। मार्ग पर प्रतिबंध के बावजूद ओवरलोड वाहनों का संचालन एक बार फिर शुरू हो गया है। यह सारा खेल पुलिस की देखरेख में चल रहा है। उधर चंदौली-सैदपुर गंगा पर बने ब्रिज तथा गाजीपुर-वाराणसी मार्ग के सैदपुर रेलवे क्रासिंग के पास भी रोज घंटो जाम लगा रहता है। जनपद में देखा जाए तो चौतरफा जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।