सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भितरी आगापुर मार्ग स्थित जहानपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह आठ बजे साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।
राजापुर आगापुर गांव निवासी सोनल (10) अपने भाई गोलू एवं निशांत के साथ स्कूल जा रही थी। उसके दोनों भाई अलग साइकिल से जा रहे थे। जबकि छात्रा अकेले साइकिल से जा रही थी। जहानपुर गांव के पास ट्रैक्टर ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा साइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ी और ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए गुजर गया। घटना के बाद जब-तक लोग मौके पर पहुंचते चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने आई और चालक की तलाश में जुट गई। मृतका के पिता अरविंद यादव मुंबई में काम करते हैं। उनके पांच बच्चे पूजा, ब्यूटी, गोलू और निशांत में सोनल चौथे नंबर पर थी।
वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा सात की छात्रा थी। सोनल प्रतिदिन साइकिल से स्कूल जाती थी। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां सरोज देवी के बिलखने से दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव के लोग रो रहे परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने में जुटे रहे। कोतवाल तेज बहादुर सिंह बताया कि ट्रैक्टर को हिरासत में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।