ऑटो की टक्कर से सड़क पर गिरे और ट्रैक्टर की चपेट में आने से हादस
नंदगंज बाजार के सौरम मोड़ के पास सड़क पार करने के दौरान हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदगंज। थाना क्षेत्र के सौरम मोड़ के पास मंगलवार की सुबह सड़क पार कर रहे वृद्ध ऑटो की टक्कर से सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची हुई थी।
सिहोरी गांव निवासी केदारनाथ राय (65) सुबह घर से दवा लेने के लिए पैदल ही नंदगज बाजार के लिए निकले। बाजार के सौरम मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे कि पूरब दिशा से आ रहे ऑटो से टक्कर लगने से सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर के चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर चालक ऑटो लेकर फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घायल को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल जाते समय रास्ते में सहेड़ी के पास वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र मिथलेश राय ने थाने में अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इधर हादसे के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख- पुकार मच गई।
ग्रामीण बिलख रहे परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।