गाजीपुर। शुक्रवार को भोर में शहर कोतवाली पुलिस ने दो स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस टीम को एक टापटेन बदमाश समेत दो अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली। इन्हें तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ीबाग स्थित कांशीराम आवास इलाके में एक बदमाश मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई और गोड़ा निवासी टॉपटेन बदमाश दीपक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। इसी क्रम में पुलिस ने मालगोदाम के पास से छठिया नामक बदमाश को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दीपक के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है।