पुत्र की हत्या के ताने से आजीज आकर आरोपी व उसके तीनों ने पुत्रों ने युवक की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपी पिता व एक पुत्र को कुतुबपुर स्थित प्राथमिक स्कूल के पास से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ओमवीर सिंह ने पत्रकार वार्ता कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गहमर कोतवाली क्षेत्र के गदाईपुर गांव में बीते 23 जून को सिवान में शौच के बाद घर जा रहे उपेंद्र यादव की एक परिवार के पिता व तीन पुत्रों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुतुबपुर प्राथमिक विद्यालय के पास से हत्यारोपी शिवशंकर चौधरी और गोरख चौधरी उर्फ राजकुमार निवासी खुदरा पथरा (गदाईपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2005 में शिवशंकर चौधरी के बड़े पुत्र की हत्या की गई थी। इसमें दो लोगों को नामजद किया गया था। मुकदमें में मृतक उपेंद्र का नाम नहीं था, लेकिन बाद में जानकारी हुई कि हत्या में उपेंद्र भी शामिल था और आए दिन शिवशंकर चौधरी को ताने देता था कि तुम्हारे पुत्र को मैंने मार दिया था तो तुम मेरा क्या कर लिए। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उपेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।