गाजीपुर। ओवरलोड वाहनों पर सहायक संभागीय परिवहन विभाग का लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। शुक्रवार को टीम ने भुतहियाटांड से सिधौना तक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 12 वाहनों का चालान कर नौ लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। सख्ती देख कई चालक मुख्य सड़क से जाकर दूसरे लिंक मार्ग से गंतव्य तक जाने का रास्ता तलाशते रहे। शासन के निर्देश पर ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसा जा रहा जिनके क्षमता से अधिक भार लेकर माल ढुलाई हो रही है और इनके चलते सड़क क्षतिग्रस्त होती जा रही है। एआरटीओ की टीम ने भुतहियाटांड से लेकर सिधौना तक वाहन चेकिंग का अभियान में गिट्टी और बालू लदे ओवरलोड 12 वाहनों का चालान किया किया। साथ ही इनसे जुर्माने के रूप में नौ लाख 80 हजार से अधिक की वसूली की गई। विभाग के सख्ती के बावजूद ओवरलोड वाहनों के आवागमन का क्रम बना हुआ है। यही नहीं रात के समय वाहनों के एक कतार में गुजरने का भी क्रम बना रहता है। बावजूद स्थितियां जस की तस बनी हैं। एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।