त्रिस्तरीय पंचायत की रिक्त पड़ी सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। प्रधान पद की एक तथा ग्राम पंचायत के सदस्य पद की 54 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। सादात विकासखंड के परसनी कला में प्रधान पद के लिए अभी तक तीन नाम निर्देशन पत्र खरीदे गए हैं। सदस्य पद के लिए सदर ब्लाक में एक, बिरनो नौ, सैदपुर पांच, सादात, मुहम्मदाबाद एवं जमानिया ब्लाक में दो-दो, मनिहारी 14, कासिमाबाद 13 तथा बाराचवर में ग्राम पंचायत सदस्यों के छह पद पर चुनाव होना है। आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार 12 दिसंबर को पूर्वान्ह 10 से अपरान्ह चार बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने की अंतिम तिथि है। 13 को पूर्वाह्न 10 से कार्य की समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच, 14 को पूर्वाह्न 10 से अपरान्ह तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस लेने तथा इसी दिन तीन बजे से कार्य की समाप्ति तक प्रतीक आवंटन का कार्य होगा। 20 दिसंबर को पूर्वान्ह आठ बजे से अपराह्न पांच बजे तक मतदान एवं 21 को पूर्वान्ह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना संपन्न होगी। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएन सिंह ने बताया कि प्रधान पद के लिए तीन नाम निर्देशन पत्रों की खरीद की गई है। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने को लेकर तैयारी जारी है।