करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के असावर गांव के पास सिवान में बुधवार की दोपहर करंट की चपेट में आने से तीन बंदरों की मौत हो गई। वहीं दो बंदर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पशुचिकित्साधिकारी बाराचंवर ने घायल बंदरों का इलाज किया।
असावर गांव के सिवान में बंदरों का झुंड खेत की तरफ से आ रहा था कि उन्हें कुत्तों ने दौड़ा लिया। पास में कोई पेड़ न होने के चलते बंदर बिजली के खंभे पर चढ़ गए। इस दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से तीन बंदरों की झुलसकर मौत हो गई। खेत में काम कर रहे लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी।
ग्राम प्रधान रामसोच राजभर ने पशु चिकित्सक को बुलवाकर घायल बंदरों का इलाज कराया। मृत बंदरों को टौंस नदी में जलप्रवाह कराया गया। इस संबंध में बाराचंवर के पशुचिकित्साधिकारी हरिबंश सिंह ने बताया की बिजली के चपेट में आने से बंदर झुलस गए थे जिनसे उनकी मौत हो गई। घायल बंदरों का इलाज किया जा रहा है।