परिजनों के रोने- बिलखने से मची- चीख पुकार, गंगा घाट पर लगी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के पत्थर घाट स्थित गंगा नदी के बीच में शनिवार की शाम रेत पर वालीबॉल खेलते समय पानी में गए बॉल को पकड़ने का प्रयास कर रहे एक किशोर के साथ तीन लोग डूब गए। हादसे की जानकारी होते ही आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर परिजन भी रोते- बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी।
महादेवा निवासी किशन यादव (23), मुकेश यादव (19) और बाराबंगला निवासी सरफराज (17) तीनों प्रतिदिन की तरह पत्थर घाट के सामने गंगा नदी के बीच में रेत पर वालीबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान बॉल पानी में चला गया, जिसे सरफराज पकड़ने के चक्कर में गहरे पानी में डूबने लगा। मित्र को डूबता देख शोर मचाते हुए बचाने के लिए किशन और मुकेश भी पानी में छलांग लगा दिए, जिससे वह भी डूबने लगे। इधर गंगा के किनारे बैठे मछुवारों की नजर जब डूबते हुए युवकों पर पड़ी तो वह शोर मचाने के साथ बचाने के लिए जब-तक मौके पर पहुंचते तीनों गंगा की धारा में समा गए। इधर किशोर सहित तीन लोगों के डूबने की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग भी गंगा घाट के तरफ दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। देखते- देखते गंगा के किनारे ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर हादसे की जानकारी होते ही एडीएम एके सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा और सीओ सिटी गौरव कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने में जुट गए। साथ ही स्थानीय नाविकों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे तीनों लोगों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से चीख-पुकार मची रही। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे रहे। इस संबंध में सीओ सिटी गौरव कुमार ने बताया कि गंगा में डूबे तीनों युवकों की तलाश चल रही है। स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की मदद ली जा रही है। एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। इनके आने के बाद तलाश शुरू कराई जाएगी।