नगर की सुंदरता में तीन चौराहे अब चार चांद लगाएंगे। नगर पालिका परिषद 15 लाख की लागत से शहर के इन चौराहों का सुंदरीकरण करा रही है। इनमें विशेश्वरगंज, महुआबाग और सिंचाई विभाग के चौराहों का कायाकल्प होगा। महुआबाग चौराहे के कायाकल्प का कार्य चल रहा है। यहां लाइटिंग, टाइल्स, फव्वारे की व्यवस्था होगी। शाम के समय लाइटिंग तो सुबह फुव्वारे के संचालन से इलाका ही नहीं शहर भी जगमगा उठेगा। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल विशेश्वरगंज, महुआबाग और सिंचाई विभाग चौराहा लंबे समय से देख-रेख के अभाव में बदसूरत हो चुका था। सिर्फ महत्वपूर्ण अवसरों पर किसी तरह झालर लगाकर कोरमपूर्ति की जा रही थी। जबकि सामान्य दिनों में चौराहों से रौनक गायब सी हो गई थी। ऐसे में नगर पालिका परिषद की ओर से इन चौराहों के सुंदरीकरण को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिससे इसे दुरुस्त कराकर बेहतर तरीके से बनाया जा सके। शासन की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद पालिका परिषद ने इन चौराहों के कायाकल्प करने का कार्य शुरू किया। इन तीन चौराहों के सुंदरीकरण के लिए 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महुआबाग में फुव्वारा के साथ लोहे के एंगल को लगाकर लाइटिंग की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे शाम के लाइटों के जलते ही पूरा इलाका जगमगा उठे। वहीं जिन चौराहों की टाइल्स टूट गई है, उसे हटवाकर नई टाइल्स लगाने का काम होगा। शहर के अन्य चौराहों का भी सुंदरीकरण नगर पालिका परिषद की ओर से कराया जाएगा। इसमें विकास भवन चौराहा, पीजी कालेज चौराहा और सैनिक चौराहा शामिल किया गया। इनके सुंदरीकरण के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव पर मुहर लगने और शासन की ओर से धनराशि मुहैया कराने का इंतजार नपा प्रशासन कर रहा है। धनराशि उपलब्ध होते ही इन चौराहों का भी कायाकल्प होगा।