खानपुर थाना क्षेत्र के सरवरपुर कादीपुर स्थित मृतक रजय कुमार यादव के रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। अलग-अगल थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार वृद्ध सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैदपुर कोतवाली के हीरामनपुर चट्टी के पास बस के धक्के से बाइक सवार वृद्ध और वाराणसी के चौबेपुर थाना के राजवारी के पास बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में खानपुर थाना क्षेत्र के सरवरपुर कादीपुर गांव के एक युवक और भंदहाकला के एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
औड़िहार संवाददाता के अनुसार सादात थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर राजभर (66) सैदपुर कोतवाली के नंदरौल गांव निवासी अहमद अली और इम्तियाज के साथ बाइक से दौलतपुर बरिहारी गांव जा रहे थे। इधर वाराणसी से सादात जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बस के चालक ने ओवरटेक करने के चक्कर में हीरामनपुर चट्टी के पास बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ चालक सहित बस को पकड़ लिया। इधर, पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लाया। जहां डॉक्टरों ने चंद्रशेखर राजभर को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। इस संबंध में सैदपुर कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लेने के साथ चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
खानपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के सरवरपुर कादीपुर गांव निवासी रजय कुमार यादव (35) वाराणसी में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती पड़ोस के डब्बल यादव को देखकर बाइक से घर वापस आ रहे थे। वाराणसी के चौबेपुर थाना के राजवारी के पास गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रजय यादव और दूसरा बाइक सवार सत्येंद्र यादव (30) को उपचार के लिए ग्रामीणों ने सीएचसी सैदपुर लाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सैदपुर पुलिस सीएचसी पहुंची, लेकिन घटना स्थल चौबेपुर थाना क्षेत्र का होने पर वहां के पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष चौबेपुर राजेश सिंह ने बताया दुर्घटना की जानकारी है। दोनों घायलों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा गया था। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनके पास मिले कागजात के आधार पर परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कुछ माह पूर्व ही विदेश से घर आया था रजय
खानपुर। सड़क हादसे का शिकार रजय यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह विदेश में नौकरी कर परिवार का जीविका चलाता था। कुछ ही माह पूर्व वह विदेश से घर आया था। तीन अक्तूबर को पुन: विदेश जाना था। हादसे की जानकारी मिलते ही पत्नी वंदना, मां प्रेमा देवी और परिजनों के रोने-बिलखने से कोहराम मचा रहा। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।