जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार में चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। नगर के पठान टोली स्थित हमजा मस्जिद के पास और शेर अली मस्जिद के पास लगी सोलर लाइट की दो बैटरी पर बृहस्पतिवार की रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
नगरवासी खालिद खान, वकार खान, शहजाद खान, बाबर खान, नौशाद खान, नेहाल खान, छोटू खान ने बताया कि रात के समय पुलिस के गश्त न होने से चोर चोरी की घटना को अंजाम देकर आराम से निकल जा रहे हैं। बैटरी चोरी की घटना सुनने के बाद भी पुलिस कर्मी हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए रहते हैं। अगर रात के समय पुलिस कर्मियों की गश्त बराबर होती रहती तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग जाता। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि रात के समय गश्त पर लगाए गए पुलिस कर्मियों की जांच की जाएगी। अगर लापरवाही पाया गया तो कार्रवाई अवश्य की जाएगी।