दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड स्थित किराने की दुकान को रविवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। ताला तोड़कर 15 हजार नगदी और 25 हजार के सामान पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही चोरों ने सीसी कैमरे का वायर भी तोड़ दिया और डीवीआर भी लेकर चले गए। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। देवा गांव निवासी कल्लू गुप्ता की रेलवे स्टेशन स्थित किराना दुकान है। प्रतिदिन की तरह वह दुकान बंदकर घर चले गए। देर रात चोर ताला तोड़कर दुकान में घुस गए और 15000 नगदी और 25000 का पिस्ता, अखरोट और खजूर उठा ले गए। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया ने कहा कि चोरी की घटनाओं से लोग काफी परेशान हैं। पुलिस से मांग किया कि रात में गश्त बढ़ाई जाए। इस संबंध में राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।