साफ-सफाई के लिए विशेष निर्देश, लगाए गए सफाई नायक
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। होली पर्व के मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन ने बिजली और पानी की 24 घंटे आपूर्ति को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। साथ ही साफ-सफाई के विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 13 सफाई नायक की तैनाती की गई है। साथ ही 82 होलिका स्थलों पर चूना का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा मुहल्ले में बेसहारा पशुओं के विचरण पर रोक लगाने के लिए भी कर्मियों की तैनाती की गई है।
जिले में होली आठ मार्च को मनाई जा रही है। वहीं सात मार्च को होलिका दहन होगी। पर्व के मद्देनजर जहां नगर पालिका की ओर से होली के दिन आठ मार्च को 24 घंटे पानी की सप्लाई होगी। वहीं मार्गों पर प्रकाश की बेहतर व्यवस्था के लिए कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। साफ-सफाई के लिए 13 सफाई नायक लगाए गए हैं, जो टीम के साथ लगातार साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देंगे।
नपा ईओ लालचंद्र सरोज ने बताया कि सफाई संबंधित दिक्कत होने पर सफाई निरीक्षक एहसान आलम के 9453121601 और पानी के लिए अवर अभियंता जल पूजा सिंह 9451481390 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिन इलाकों में पानी की दिक्कत होगी, वहां टैंकर से पानी की व्यवस्था की जाएगी। बिजली की आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर के माध्यम से मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।