भांवरकोल। थाना क्षेत्र के कबीरपुर खुर्द गांव के दक्षिण भागड़ नाले में मछली मार रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। कबीरपुर खुर्द गांव निवासी मुकेश चौधरी (22) अपने दो साथियों के साथ भागड़ नाले में मछली मारने गया था। मछली मारते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसको डूबता देख उसके अन्य साथी शोर मचाने के बजाए घर चले आए। जबकि युवक को डूबता देख शेरपुर गांव के कुछ ग्रामीण शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मल्लाहों की मदद से युवक के शव को पानी से बाहर निकलवाया। इधर हादसे की जानकारी होते ही परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद