जमानिया के गंगा नदी में सेतु से युवक के छलांग लगाने के बाद नाव से ढूंढते और सेतु पर मौजूद लोग। संवा
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित सेतु से बृहस्पतिवार की देर शाम एक युवक राहगीर को अपना बैग एवं अन्य सामान देकर खुद गंगा में कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस नाविकों की मदद से युवक के तलाश में जुटी रही लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी अमित कुमार सिंह (18) वाराणसी में रहकर कक्षा 11 में पढ़ता था। चार अक्तूबर को की शाम दीपावली पर घर जाने के लिए वह पैसेंजर ट्रेन से दिलदारनगर स्टेशन पर न उतर कर जमानिया रेलवे स्टेशन उतरा और हेतिमपुर गांव स्थित गंगा सेतु पर पहुंच गया। वहां उसने एक राहगीर को अपना बैग एवं अन्य सामान देकर घर पहुंचाने की बात कही और खुद गंगा में छलांग लगा दी। इसके बाद राहगीर घबरा गया और उसका सामान छोड़कर वहां से भाग निकला। वहीं सेना की भर्ती के लिए तैयारी कर रहे युवकों ने देखा और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक का सामान कब्जे में ले लिया और उसकी तलाश में जुट गई है। इधर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचकर मौके पर रोने- बिलखने लगे। युवक के नाना अंगद सिंह ने बताया कि वह दीपावली में घर नहीं आने वाला था, लेकिन वह अचानक आ गया। उसने यह कदम क्यों उठाया, समझ से परे है। युवक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता सीमेंट की दुकान चलाते हैं। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। प्रभारी निरीक्षक संपूर्णानंद राय ने बताया कि घटना की सूचना पर युवक की खोजबीन की जा रही है। पानी अधिक होने के कारण तलाश करने में परेशानी आ रही है।