गाजीपुर। अयोध्या के नवनिर्मित श्रीराम मंदिर का पूजित अक्षत घर पहुंचेगा। सोमवार को लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस से सिटी स्टेशन पूजित अक्षत कलश के पहुंचते ही श्रीराम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। शहर के विभिन्न इलाकों में स्वागत किया गया। 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण अक्षत पहुंचेगा। भजन कीर्तन करने के साथ घरों में कम से कम पांच दीपों को जलाकर दीपावली मनाई जाएगी। जनपद का कलश लेकर जिला सह मंत्री दिलीप लखनऊ छपरा एक्सप्रेस से गाजीपुर सिटी स्टेशन पहुंचे। जहां पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा पूजित कलश का स्वागत किया गया। इसके बाद बाइक जुलूस के रूप में सिटी स्टेशन से लंका, मिश्र बाजार, लाल दरवाजा, प्रकाश टॉकीज, टाउन हॉल, चितनाथ, नखास, झंडा तार होते हुए अति प्राचीन बूढ़े महादेव मंदिर रूई मंडी लाया गया। जहां मंदिर के महंत बाल ब्रह्मचारी भोला जी महाराज ने विधि विधान मंत्रोच्चार से पूजन किया। इसके बाद कलश को भगवान श्री कृष्णा, भोले शंकर एवं बजरंगबली के मंदिर में रखा गया। अक्षत में सुविधा अनुसार अक्षत मिलाकर उसे प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय पर स्थित मंदिर में भेजा जाएगा और वहां से उसे प्रत्येक न्याय पंचायत एवं ग्राम सभा में वितरित किया जाएगा। गांव सभा में अक्षत पहुंचने के बाद प्रत्येक घरों में अक्षत को निमंत्रण के रूप में दिया जाएगा। साथ ही आग्रह किया जाएगा कि वह 22 जनवरी 2024 को श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को अपने-अपने घरों एवं गांव के मंदिरों में सीधा प्रसारण देंखे। साथ ही प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व एक घंटा तक भजन कीर्तन करें एवं सायंकाल में अपने-अपने घरों में कम से कम पांच दीपों को जलाकर दीपावली की तरह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को मनाएं। स्वागत में दिनेश, दीपक, विनोद, विपिन, हिंदू जिला संयोजक रविराज, विनीत सिंह, कृपाशंकर आदि मौजूद रहे।