जिला गंगा संरक्षण समिति की सोमवार को राइफल क्लब के सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गाजीपुर, जमानिया और सैदपुर में एसटीपी निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। गंगा स्वच्छ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि गंगा में नालों का पानी नहीं गिरना चाहिए। बाकी बचे नालों की जल्द टेपिंग कराई जाए। उन्होंने अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों से जिला गंगा संरक्षण की कार्ययोजना की जानकारी ली। बजट के प्रावधान के लिए अपने-अपने विभागों की वार्षिक कार्ययोजना बनाकर देने का निर्देश दिया ताकि बजट की मांग की जा सके। जिलाधिकारी ने गंगा नदी में गिरने वाले नालों की टैपिंग के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि नगर पालिका परिषद गाजीपुर में 23 नालों में पांच नालों की टैपिंग कर दी गई है। शेष पर कार्य चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द टैपिंग का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कूड़ा डंपिंग के लिए जमीन के चिह्नित करने के संबंध में बताया कि तहसील जमानिया, सैदपुर, गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, जंगीपुर, सादात एवं दिलदारनगर में कूड़ा एकत्रित करने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। नगर पंचायत सैदपुर में चहारदीवारी भी तैयार कर ली गई है। जिलाधिकारी ने शेष नगर पालिका परिषद-पंचायतों में चहारदीवारी बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत सैदपुर की तरफ से गंगा नदी में गिरने वाले आठ नालों के बायो रेमिडीएशन के लिए 14वें वित्त आयोग को प्रस्ताव बनाकर प्रेषित किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष पर प्रस्ताव बनाकर प्रेषित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए गाजीपुर, जमानिया एवं सैदपुर नगर निकाय में एसटीपी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।