रेवतीपुर विकासखंड सभागार में बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय
रेवतीपुर। प्रदेश के मत्स्य पालन विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि गंगा पुत्रों के यहां नहीं आएंगी तो कहां आएंगी। पऊवा के साथ अब पावर भी चाहिए, लेकिन पावर योगी-मोदी के पास है, तभी तो योगी- मोदी के नेतृत्व में यूपी मछुआ कल्याण कोष की स्थापना वाला देश का पहला प्रदेश बना है। कहा कि निषादों का हिस्सा खाने वालों को अब गायब करने का समय आ गया है। कैबिनेट मंत्री ने ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में बृहस्पतिवार की देर शाम बाढ़ से प्रभावित लोगों से संवाद कर रहे थे। कहा कि बिहार चुनाव में दस दिन हनुमान बनकर उतरों और अपना हक अधिकार दिखाओ। कहा कि किसी बहकावे में न आएं। मंत्री ने कहा कि निषाद वोट बैंक भी है और भाग्य विधाता भी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाढ़ में अब तक 29 हजार लोगों को लंच पैकेट और दस हजार को राहत सामग्री का वितरण कर चुकी है। कहा कि जो मझधार में है, उन्हें निकाला जाएगा, जो छूटा होगा उन्हें जल्द ही राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मौजूद एसडीएम से गंगा किनारे हो रहे कटान को प्रभावी तरीके रोकने का निर्देश दिया। कहा कि गंगा किनारे रहने वाले निषाद समुदाय के जिन लोगों के पास आवास नहीं है, उन्हें सीएम आवास उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि नदी किनारे रहने वाले निषाद समुदाय के बच्चों को पढ़ने के लिए सरकार कैंंप लगा कर सहायता उपलब्ध करा रही है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से जल पर आधारित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिया। वहीं, हसनपुर प्रधान ऋषिकेश राय ने 2013 में टूटी पुलिया को लेकर पत्रक दिया। इस अवसर पर एसडीएम संजय यादव, तहसीलदार सुनील सिंह, नायब तहसीलदार रामेश्वर तिवारी एवं पंकज, बीडीओ जमालुद्दीन, प्रधान ऋषिकेश राय, दीनबंधु राय, संतोष चौधरी, सचिव विनित राय आदि मौजूद रहे।