कासिमाबाद स्थित सपा कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करती पूर्व मंत्री शादाब फातिमा।
कासिमाबाद। सपा के स्थानीय कार्यालय पर एसआईआर की समीक्षा बैठक रविवार को आयोजित हुई। इसमें वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से चार करोड़ मतदाताओं के नाम छूटे होने का बयान पूरी तरह से हास्यास्पद है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार मुद्दों से भटकाकर जनता को गुमराह कर रही हैं। दोनों सरकारें जनता का विश्वास खो चुकी हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि आज सोना एक लाख 32 हजार के पास पहुंच चुका है। डॉलर 90 से ऊपर है। जनता महंगाई से कराह रही है। इसके बाद भी प्रधानमंत्री का इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं आया है। वह विदेश भ्रमण में लगे हैं। वित्त मंत्री को इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे उस समय बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने गिरते रुपये पर चुटकी ली थी और कहा था कि इससे देश की साख गिरती है। सवाल किया कि आज हमारे देश की साख कहां पर खड़ी है, प्रधानमंत्री को बताना चाहिए। कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने सभी बूथ, सेक्टर प्रभारियों से अधिक से अधिक मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई दी कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में काफी मेहनत की है, थोड़ी सी मेहनत और करनी है। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार में बैठे लोग जनता के मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। बैठक में पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, रमाशंकर राजभर, विधानसभा अध्यक्ष जयहिंद , बृजभान बघेल, रामदरश, अविनाश ने विचार व्यक्त किए।