पत्नी का आरोप, शराब पीकर आदि दिन करता था विवाद
शुक्रवार की रात पत्नी से विवाद करने के बाद गया था सोने
संवाद न्यूज एजेंसी
जंगीपुर। थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो अंबेडकर नगर में शनिवार की सुबह एक दुकानदार ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
बरेसर थाना क्षेत्र के झोटारी गांव निवासी दीनबंधु बिंद (25) तीन माह से नगर पंचायत जंगीपुर के वार्ड नंबर अंबेडकर नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। वह ठेले पर भुजा बेचकर जीविका चलता था। मुहल्लेवासियों के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम वह घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी करने लगा। खाना खाने के बाद छत पर सोने चला गया। सुबह जब पति नीचे नहीं आया तो पत्नी ज्योति उसे जगाने के लिए छत पर पहुंची। छत पर लगे पिलर के रॉड से पति का शव फंदे पर झूलता देखकर पत्नी शोर मचाने लगी। महिला की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन करने के बाद लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया।
इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी रोते- बिलखते मौके पर पहुंच गए। उनके बिलखने और चीख- पुकार मचने से मातम पसर गया। पत्नी ज्योति ने पुलिस को दी गई तहरीर बताया कि आए दिन पति शराब की नशे में आकर मारपीट करता थे। आए दिन शराब पीने और झगड़ा करने को लेकर विवाद होता रहता था। शुक्रवार देर शाम भी वह शराब पीकर पहुंचा और किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगा। इसके बाद खाना खाकर रात में सोने के लिए छत पर चले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।