मनुवापुर चौकिया गांव से गुजरते बदहाल सड़क के किनारे हाथों में पोस्टर लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण।
गाजीपुर। गाजीपुर- हंसराजपुर मार्ग से सटे मनुवापुर- चौकियां बाजार से चौकियां, औरंगाबाद, खांवपुर, कनरी, हरिहरपुर आदि गांवों को जोड़ने वाली सड़की की हालत खस्ता है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को धरना- प्रदर्शन शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर संघर्ष को धार देने की चेतावनी दी है। पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व महामंत्री दिनेश सिंह यादव ने कहा कि बार-बार शिकायत और आग्रह के बावजूद भी इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। खराब सड़क के कारण आए दिन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और वाहनों को भारी दिक्कत हो रही है। दिनेश सिंह यादव ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ और गड्ढों में बदल जाती है, ऐसे में दुकानदारों के व्यापार पर खराब असर पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन के माध्यम से चेतावनी दी कि शीघ्र सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज होगा। हस्ताक्षर अभियान चलाकर संघर्ष को धार देंगे। इस मौके पर राहुल कन्नौजिया, मिथिलेश कुमार, इमरान खान, गुफरान खान, भानू यादव, सुरेंद्र वर्मा, कमलेश कुशवाहा, गुड्डु गुप्ता, प्रदीप कुमार, रंजीत यादव आदि मौजूद रहे।