दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी गांव के पंचायत भवन पर शुक्रवार की शाम चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने पांच गर्भवती महिलाओं को फल की टोकरी दिया और नौनिहाल को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश है कि ग्रामीणों की जो भी समस्या हो गांव में ही उसका निस्तारण हो। राशन, आवास, शौचालय, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, विधवा पेंशन, स्कॉलरशिप सहित अन्य समस्याओं को बता सके। ग्रामीणों ने सबसे पहले पोषाहार वितरण की समस्याओं को उठाया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी आगनबाड़ी, सुपरवाइजर, सीडीपीओ से पोषाहार वितरण का रजिस्टर मांगा। सीडीओ ने आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर को जमकर फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारीनरेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार बच्चों को पढ़ने के लिए छात्रवृत्ति देती है। कोई समस्या हो तो तत्काल बताएं, उन्होंने कहा कि जिले में 21000 बच्चों को कक्षा नौ से दस की छात्रवृत्ति गई है। इस मौके पर जखनिया एसडीएम आशुतोष श्रीवास्तव, भुड़कुड़ा सीओ रविंद्र कुमार वर्मा, मनिहारी खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी निर्मलेंदू, प्रवीण गुप्ता, ग्राम प्रधान राजमती देवी, वीरेंद्र यादव, बाड़ू यादव, रामविलास यादव आदि मौजूद रहे।