गाजीपुर। मोंथा तूफान के कारण गाजीपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। तेज हवा और लगातार बारिश से धान की खड़ी फसल गिर गई है। खेतों में पानी भर जाने से भारी नुकसान हुआ है। किसानों की इस पीड़ा को देखते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मुआवजे की मांग की है। सांसद डॉ. बलवन्त ने पत्र में लिखा है कि पिछले तीन दिनों में आए मोंथा तूफान से गाजीपुर जिले के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों में भी किसानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है। फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। जिससे किसान हताश और निराश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि तत्काल प्रभाव से नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति (मुआवजा) प्रदान किया जाए। डॉ. बलवंत ने कहा कि किसानों की मेहनत और जीवन-यापन का प्रमुख आधार कृषि है, ऐसे में फसल नष्ट होने से वे गहरे संकट में हैं। सरकार को राहत पैकेज की घोषणा कर किसानों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।