रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नगदिलपुर गांव के पास सोमवार की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से बाइक से घर जा रहे डाककर्मी को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल गहमर क्षेत्र के रायसेनपुर सायर गांव के निवासी हैं और आजमगढ़ में रेलवे डाक (आरएमएस) के कर्मचारी हैं।
गोली लगने के बाद वह गहमर थाने पर पहुंचे जहां से उनको जिला अस्पताल लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि युवक के दाहिने जांघ में गोली लगी है। उसका इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है। घायल डाक कर्मचारी ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
गहमर के रायसेनपुर सायर निवासी राजेश यादव (35) पुत्र जनार्दन यादव आजमगढ़ में रेलवे डाक (आरएमएस) के कर्मचारी हैं। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। घायल राजेश यादव ने गहमर पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
मुकदमे में अपने वकील से सलाह लेकर वह सोमवार की रात बाइक से घर जा रहे थे कि रास्ते में अज्ञात तीन बाइक सवार बदमाशों ने रुकने का इशारा किया। नहीं रुकने पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद घायलावस्था में ही राजेश सीधे गहमर थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने मामला रेवतीपुर थाना क्षेत्र का होने के कारण वहां की पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।