कासिमाबाद। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयनाथ सिंह के नेतृत्व में गठित टीम बुधवार को बहादुरगंज स्थित एसके हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान पांचों आरोपियों को शपथ पत्र के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा गया है। टीम 19 सितंबर को अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत की जांच कर रही है।जांच टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि 19 तारीख की रात मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र के कोटवां कोपड़ा गांव निवासी दया साहनी को बहादुरगंज स्थित एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से प्रसव के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे मऊ स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने चक्का जाम कर काफी हंगामा किया था। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आशाकर्मी उषा साहनी, एएनएम जयमाला सिंह यादव, अस्पताल संचालक वाहिद यार खान उर्फ पिंटू, डाॅ. राकेश चौधरी के साथ डाॅ. शमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को इसी मामले में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. जयनाथ सिंह के नेतृत्व में टीम एसके हॉस्पिटल बहादुरगंज पहुंचकर जांच पड़ताल किया है। जांच टीम ने संबंधित सभी पांचों आरोपियों को एक शपथ पत्र के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही मऊ जनपद मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल से भी शपथ के माध्यम से पूरा विवरण मांगा गया है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद डॉ. एनके सिंह ने बताया कि टीम बहादुरगंज स्थित एसके हॉस्पिटल का निरीक्षण किया है।