शहर के सरजू पांडेय पार्क में संयुक्त किसान मोर्चा के धरना को संबोधित करते योगेन्द्र भारती। संवा
गाजीपुर। संयुक्त किसान मोर्चा और संयुक्त ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर हुई सभा में मोर्चा की प्रदेश संचालन समिति के सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि सरकार किसान आंदोलन की वापसी के समय किए गए वादे से मुकर गई है। नई श्रम संहिताओं को लागू करके श्रमिकों को कॉरपोरेट का गुलाम बनाने की साजिश की गई है। सभा में पूर्व विधायक राजेंद्र यादव ने कहा कि कुछ पूंजीपतियों को सब कुछ समर्पित कर रही सरकार किसानों को उनकी पैदावार की समुचित कीमत भी नहीं देना चाहती। एमएसपी को कानूनी गारंटी देने से पीछे हटकर सरकार ने किसानों, मजदूरों के विरुद्ध साजिश की है। इसके विरुद्ध किसान, मजदूर, कर्मचारी और ग्रामीण गरीबों को एकजुट होकर संघर्ष में उतरना होगा। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन के जरिए एमएसपी को कानूनी गारंटी देने, बिजली बिल 2025 को वापस लेने, चार श्रम संहिताएं वापस लेने और पुराने श्रम कानून तथा उर्वरक सब्सिडी को बहाल करने आदि की मांग की गई। इस अवसर पर राजेंद्र यादव, नसीरुद्दीन, रामाश्रय, मनोज कुशवाहा, सत्येंद्र प्रजापति, गुलाब सिंह, महेंद्र यादव, लल्लन यादव, योगेंद्र यादव, विनोद यादव, योगेंद्र प्रताप भारती, मंजू गोंड़ आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नसीरुद्दीन एवं संचालन रामाश्रय ने किया।