करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में शनिवार की देर रात एक किराना की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। अगलगी में लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गया।। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। दूसरे दिन रविवार को पीड़ित ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
निहालपुर गांव निवासी विनोद कुमार सिंह की दुबिहा बाजार में किराना की दुकान है। प्रतिदिन की तरह वह देर शाम दुकान बंद करके घर चले आए। देर रात जब आस-पास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलना देखा तो दुकानदार को फोन पर सूचना दी। आग लगने की सूचना पर परिजनों के साथ दुकानदार जब दुकान पर पहुंचा तो आग की तेज लपटे निकल रही थी। अगलगी की जानकारी होते ही आस-पास के लोग एवं ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। सबमर्सेबुल चलाकर आग पर काबू पाया गया। आग बुझने तक लाखों का सामान नष्ट हो चुका था। पीड़ित विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अगलगी की घटना में काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका है। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग में दो झोपड़ी जलकर नष्ट
भांवरकोल। थाना क्षेत्र के खैराबारी गांव में रविवार की दोपहर विद्युत शार्ट सर्किट से दो झोपड़ियों में आग लग गई। इस घटना में झोपड़ियों में रखा हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।
गांव निवासी शिवशंकर पांडेय की एक झोपड़ी में शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की लपटों ने पास में दूसरे झोपड़ी को भी आगोश में ले लिया। आग की घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह से काबू पाया। जब तक आग बुझाया जाता, तब-तक चारपाई, चौकी, बिस्तर आदि जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय पीड़ित परिवार के लोग खेत पर काम करने गए थे।