बेसिक शिक्षा विभाग में 69000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तृतीय चरण में गाजीपुर के नव नियुक्त सहायक अध्यापकों को शुक्रवार को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं विशिष्ट अतिथि विधायक सदर डॉ. संगीता बलवंत ने जिला पंचायत के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नव नियुक्त 131 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति पत्र पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल गए। जिले में कुल 1900 पद सहायक अध्यापक के रिक्त थे। इन पदों के सापेक्ष प्रथम और द्वितीय चरण में मिलाकर कुल 1785 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया था। इन अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र पाने के बाद अपने-अपने विद्यालयों पर कार्यभार ग्रहण कर लिया था। इसके बाद तीसरे चरण में शेष रह गए 140 रिक्त पदों के लिए दो दिवसीय काउंसिलिंग कराई गई थी। काउंसिलिंग कराए 140 अभ्यर्थियों में से उपस्थित 131 अभ्यर्थियों को शुक्रवार को नियुक्ति पत्र दिए गए। नौ अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र लेने उपस्थित नहीं हुए। इसके पूर्व मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने जिला पंचायत के सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से सीधे प्रसारण के माध्यम से नव नियुक्त सहायक अध्यापकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि अपने कार्य को समाज, राष्ट्र के लिए ईमानदारी से पूरी पारदर्शिता के साथ करें। अच्छी शिक्षा से ही अच्छे राष्ट्र का निर्माण होता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव, खंड शिक्षाधिकारी अविनाश राय, सुनील सिंह, कल्पना, प्रीति गोयल, सीताराम, राममूर्ति यादव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता, डीसी प्रशिक्षण अरुण प्रकाश यादव, डीसी सामुदायिक सहभागिता अमित राय, डीसी बालिका शिक्षा हरिश्चंद्र यादव, प्रदीप सिंह एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।