कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित पटखौलिया मोहल्ला के पास मंगलवार की रात करीब 10 बजे बेहोशी की अवस्था में अज्ञात 23 वर्षीय युवक के नाली के पास गिरे होने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अचेत युवक को एंबुलेंस के द्वारा कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। जहां अचेत युवक की मौत हो गई। युवक हरबल्लमपुर गांव का रहने वाला है और जेसीबी का चालक था। वह गांव से लखनऊ जाने के लिए निकला था। पटखौलिया मोहल्ले में एक अज्ञात युवक बेहोशी की अवस्था में पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। कभी-कभी वह उल्टी कर रहा था। लोगों की नजर पड़ी तो उसे सड़क पर लिटाया गया और 108 और 112 फोन कर सूचना दी गई। पुलिस ने युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां फार्मासिस्ट जेएन शुक्ला और स्वास्थ्यकर्मी मोहित ने बेहोश पड़े युवक की जांच की और प्रभारी कक्ष में मौजूद चिकित्सक को घटना की जानकारी दी। चिकित्सक कक्ष से बाहर निकले और अचेत युवक को मृत घोषित कर अंदर चले गये। लेकिन लिखित में मृत होने की घोषणा नहीं की। लोगों द्वारा काफी कोशिशों के बाद भी चिकित्सक कक्ष से दोबारा बाहर नहीं निकले। चिकित्सक द्वारा युवक के लिखित मौत की पुष्टि न किये जाने के कारण जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक द्वारा की गई लापरवाही लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ रुद्रकांत सिंह ने बताया कि मेरे द्वारा युवक की जांच की गई और उसे मृत भी घोषित किया गया। लेकिन लोग लिखित में मांगने लगे तो मैंने लिखित नहीं दिया क्योकि यह कार्य प्रभारी चिकित्साधिकारी का होता है। पुलिस ने बताया कि युवक के पास से ड्राइविंग लाइसेंस, कपड़ों से भरा एक बैग व खाली पर्स मिला है। ड्राइविंग लाइसेंस में युवक का नाम अजीत यादव निवासी 2185 रजनी खंड शारदा नगर लखनऊ दर्ज है। युवक हरबल्लमपुर गांव का रहने वाला है और जेसीबी का ड्राइवर था। गांव से लखनऊ जाने के लिए निकला था। जो अर्ध अचेत अवस्था में स्टेशन बाजार के पटखौलिया मुहल्ला में नाली के पास मिला था। युवक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी। मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना पर परिजन आ गए हैं।