गाजीपुर। शासन की ओर से जिले को धान खरीद का लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। बीते वर्ष की तुलना में इस बार तीन लाख 80 हजार क्विंटल अधिक यानी 25 लाख 80 हजार क्विंटल की खरीद की जाएगी। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के 153 क्रय केंद्र खुलेंगे। धान की बिक्री के लिए किसानों की तरफ से पंजीकरण कराया जा रहा है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि जिले में आगामी धान की खरीद के लिए शासन की तरफ से लक्ष्य का आवंटन कर दिया गया है। इस बार 25 लाख 80 हजार क्विंटल खरीद की जाएगी। बीते वर्ष 22 लाख क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के 154 क्रय केंद्र खोले गए थे। उस दौरान शानदार खरीद की गई थी। लक्ष्य के सापेक्ष 115.04 प्रतिशत यानी 25 लाख 30 हजार से अधिक क्विंटल की खरीद हुई थी। धान की यह खरीद 32 हजार 436 किसानों से की गई थी।इस बार की खरीद के लिए तैयारी शुरु हो गई है। इस वर्ष धान की खरीद का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विभिन्न संस्थाओं के 153 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। इनमें खाद्य विभाग के 38, पीसीएफ के 22, पीसीयू के 71, यूपीएसएस 13, कृषि उत्पादन मंडी समिति के 8 तथा भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र शामिल है। धान की बिक्री के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। शुक्रवार की सुबह तक सभी सात तहसीलों में 34 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। इसमें जखनिया 4, सैदपुर 1, सदर 5, मुहम्मदाबाद 5, जमानिया 6, कासिमाबाद 12 तथा सेवराई तहसील क्षेत्र से 1 किसान ने पंजीकरण कराया है।