गाजीपुर। बिराईच गांव में मंगलवार की दोपहर एक बजे पहुंचे सपा सांसद अफजाल अंसारी ने प्रभावित लोगों के साथ बैठक की। कहा कि यह जमीन ब्रिटिश सरकार ने एक्वायर की थी, जो आजादी के बाद भारत सरकार के अधीन आई। बुलडोजर से उजाड़े गए लोग बांग्लादेश या पाकिस्तान से नहीं आए। प्लास्टिक सीट व कंबल वितरित करने पहुंचे सांसद ने कहा कि हमने वकीलों के लिए बात की है। कानूनी सलाह लेकर न्यायालय से न्याय दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। अपनी ओर से वकील खड़ा करेंगे और आपकी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के रहने की व्यवस्था करे। जमीन नहीं है तो प्राइवेट जमीन खरीदें और उसमें कम से कम दस-दस धूर जमीन दें। सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर आवाज को उठाई जाएगी। उन्होंने पीएम आवास के निर्माण को लेकर भी सवाल खड़े किए। कहा कि आवास को मंजूरी देने वाले सीडीओ, डीडीओ और अन्य अधिकारियों को अभी तक निलंबित क्यों नहीं किया गया। कहा कि महाराजगंज से एनएच-24 चौड़ीकरण का जो नक्शा तैयार किया जा रहा है, उसमें भी भेदभाव के लिए अभी से तैयारी हो गई है। गरीब की गुमटी हटाई जाएगी, कोठियां और होटल नहीं दिखेंगे।