खानपुर। भभौरा मोड़ पर रविवार की रात बोलेरो से कुचलकर दो कांवड़ियों अमेदा खानपुर निवासी मटरू उर्फ आदित्य (15) और कौशल (15) की मौत हो गई थी। देर रात 12 बजे वाराणसी डीआईजी ओमप्रकाश सिंह और एसपी डा. ईरज राजा ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ वाहन को चिह्नित करने का निर्देश दिया। उधर मरने वाले दोनों किशोरों की बिलख रही मां की जुबां पर बस एक ही बात थी कि काश बात मान ली होती तो नहीं जाती लाल की जान।
आदित्य (15) की मां सुनीता बिलखते हुए कह रही थी कि मना किया था, लेकिन बात नहीं सुनी। नहीं जाता तो आज बेटे की जान बच जाती। आदित्य दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। पिता रवींद्र राजभर के रोने- बिलखने से ग्रामीणों की आंख भर आईं। वहीं मृतक कौशल दो भाई और दो बहन में सबसे छोटा था। मां दुर्गावती व पिता लाल बहादुर बिलखते- बिलखते अचेत हो जा रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। परिवार के लोग दोनों कांवड़ियों का शव लेकर गांव के लिए रवाना हो गए।
मालूम हो कि अमेदा गांव निवासी मटरू उर्फ आदित्य, कौशल, साहिल और सुंदर राजभर पैदल ही रविवार की रात वाराणसी के कैथी स्थित मार्कण्डेय धाम गंगा जल लेने जा रहे थे। भभौरा मोड़ पर आजमगढ़ की ओर से आ रही बोलेरो कांवड़ियों को कुचलते हुए निकल गई थी। हादसे में आदित्य और कौशल की मौत हो गई थी। जबकि घायल दो कावड़ियों का उपचार चल रहा है, जिनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इधर घटना के दूसरे दिन मृतक आदित्य के चचेरे भाई धर्मचंद्र राजभर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसपी ईराज राजा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो संदिग्ध वाहनों को पकड़कर जांच चल रही है। जल्द ही वाहन को बरामद करने के साथ चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कांवड़िये टार्च लेकर जरूर चलें
गाजीपुर। एसपी ईराज राज ने बताया कि लिंक मार्ग होने से काफी अंधेरा था, जिससे यह हादसा हुुआ है। पुलिस टीम लगाई गई, जल्द ही चालक की गिरफ्तारी होगी। मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि कांवड़ियों के लिए हाईवे का एक साइड बंद किया गया है। अपील करते हुए कहा कि कांवड़िये टार्च लेकर जरूर चलें। हाईवे पर तो लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन जो लिंक मार्ग है उन पर अंधेरा है।
परिजनों से मिले जिलाध्यक्ष ने दी सांत्वना
सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक कांवड़ियों के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही अधिकारियों से वार्ता कर सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, नीतीश दुबे, भाजयुमो महामंत्री अविनाश सिंह और निखिल राय मौजूद रहे।