अपलोड की गई सूचनाओं में पाई गई है विसंगतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष-2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने के लिए विद्यालय की ओर से परिषद की वेबसाइट पर आधारभूत सूचनाओं को अपलोड कराया गया है। अपलोड की गई सूचनाओं में कई विसंगति पाई गई है। इन विसंगतियों को लेकर बोर्ड काफी गंभीर है। इसे देखते हुए बोर्ड के सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को पुनः अपलोड की गई आधारभूत सूचनाओं का भौतिक सत्यापन कराकर सही आंकड़ा अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील स्तर पर गठित समिति के माध्यम से विद्यालयों का पुनः भौतिक सत्यापन कराकर आधारभूत सूचनाओं को अपलोड करने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से दिया गया है। इस निर्देश के तहत तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार, राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित चार सदस्यों की गठित टीम की तरफ से आधारभूत सूचनाओं का भौतिक सत्यापन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस टीम की ओर से आधारभूत सूचनाओं का सत्यापन करते समय अगर किसी प्रकार की विसंगति सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट जिला समिति को सौंपेगी। उसकी जांच जिलाधिकारी के निर्देशन में कराई जाएगी। इसके बाद त्रुटि पाए जाने पर उस विद्यालय के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने पिछले चार वर्षों का आधारभूत आंकड़ा फर्मों से मंगाकर उसका तुलनात्मक अध्ययन किया।
उसके बाद जब विसंगतियां पाई गईं गए तो उसकी जांच करने का निर्णय लिया गया। आधारभूत सूचनाओं को अपलोड करने में विद्यालय की तरफ से विद्यालय का क्षेत्रफल भी अलग-अलग दर्शाया गया है जबकि मान्यता प्राप्त करते समय जितने शिक्षण कक्ष मानक के अनुसार आवश्यक होते हैं उससे कम शिक्षण कक्ष बाद में नहीं होने चाहिए। जबकि विद्यालयों द्वारा उसमें भी कटौती करके कम कर दिया गया है। यह सबसे संदेहास्पद स्थिति है।