गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को संयुक्त रूप से कृषि मंडी जंगीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल एवं बनाए गए पार्किंग स्थल को देखा। निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल एवं पूरे मंडी की निगरानी के लिए लगाए गए कैमरे 24 घंटे लगातार चालू दशा में रहें। कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिजली बाधित होने पर किसी भी दशा में लगाए गए कैमरे बंद न हो, इसकी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि मंडी में किसी तरह से बिजली बाधित न हो इसकी तैयारी करा लें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जेनरेटर की व्यवस्था अवश्य रखें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, एसपी सिटी उपस्थित थे।