बहरियाबाद। थाना क्षेत्र के बेवदा गांव में रविवार सुबह धर्मेंद्र चौहान (32) का शव बगीचे में नीम के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने रविवार की सुबह करीब 7.15 बजे सूचना दी कि बेवदा गांव के बाहर स्थित सैयद बाबा की मजार के पास बगीचे में धर्मेंद्र चौहान पुत्र यदुनंदन चौहान, निवासी बेवदा का शव गमछे के सहारे नीम के पेड़ से लटक रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की मां जिरिया देवी के अनुसार धर्मेंद्र दो भाई-बहन था। बहन रीना चौहान की शादी 2012 में हो चुकी है। धर्मेंद्र अविवाहित था और घर पर ही रहता था। उसके पिता यदुनंदन चौहान दिल्ली में प्राइवेट बिजली मिस्त्री के रूप में काम करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। छानबीन कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।