गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर गांव में शनिवार को एक किशोरी का शव कमरे में लगे करकट की पाइप में फंदे पर लटका मिला।
कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि मिरकल्लू विश्वकर्मा ने तहरीर देकर जानकारी दी कि शनिवार की सुबह किसी काम से फिरोजपुर गांव गए थे। जबकि पत्नी भी नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में अपने मायके गई हुई थी। इस दौरान घर पर पुत्री सिंपल (15) और मेरी मां गुलाबी देवी मौजूद थीं। शाम करीब पांच बजे जब पत्नी मायके से घर पहुंची तो पुत्री सिंपल कहीं दिखाई नहीं दी, जिसके बाद उसकी तलाश करते हुए कमरे में पहुंची तो पुत्री सिंपल का शव कमरे की छत पर लगे शेड में पाइप पर फंदे से लटका मिला। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद