जमानिया। सुहवल थानाक्षेत्र के बवाड़ा गंगा तट पर मंगलवार की शाम स्नान करते समय लापता वृद्ध व्यवसायी का बुधवार को करीब 15 किमी दूर रेवतीपुर थानाक्षेत्र के रामपुर गंगा तट पर शव उतराया हुआ मिला। शव मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई। श्रीकांत सिंह (65) महुआबाग में गीता प्रेस की दुकान चलाते थे। किसी कार्यवश मंगलवार को अपने गांव आए। शाम को गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से वे डूब गए। उधर, परिजन और ग्रामीण देर रात तक तलाश करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह रामपुर गंगा तट पर शव मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे और शिनाख्त की। वहीं, पुलिस ने नाव के सहारे शव को बवाड़ा गंगा तट लाकर परिजनों को सौंपा। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।