करीब साढ़े चार किमी. की बन रही सड़क की अनियमितता की खुली पोल, वीडियो वायरल
डीएम ने ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज करने और तकनीकी टीम गठित कर जांच का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मनिहारी। ग्राम पंचायत यूसुफपुर में लोक निर्माण विभाग की ओर बनाई जा रही करीब साढ़े चार किमी. की सड़क की गुणवत्ता को लेकर जखनिया के सुभासपा विधायक बेदी राम ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को मौके पर पहुंच कर जब उन्होंने सड़क काे पैर से रगड़ा तो सड़क पर पड़ी गिट्टी उखड़ गई। इसकी शिकायत उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होता रहा। बृहस्पतिवार को डीएम आर्यका अखौरी ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और जांच के लिए तकनीकी टीम गठित करने का निर्देश दिया है। इधर संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर सड़क से गिट्टी हटाने का काम शुरू कर दिया।
विधायक बेदी राम ने कहा कि मानक के अनुरूप न तो सड़क का निर्माण कराया जा रहा है और न ही लेपन का कार्य हो रहा है। वहीं समय पर रोलर भी नहीं चलाया गया। गिट्टी और तारकोल की मात्रा भी सही नहीं है। अगर सड़क निर्माण में भी गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया तो बारिश शुरू होते ही सड़क उखड़ जाएगी। उनके द्वारा ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन सख्त हो गया। डीएम आर्यका अखौरी ने गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण को लेकर सख्त रुख अख्तियार करते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार श्रेमा कंट्रक्शन काजीटोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। वहीं सड़क की गुणवत्ता की जांच करने के लिए एक टेक्निकल टीम बनाने का निर्देश दिया है।
रिपोर्ट के आधार पर पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई होनी तय है। इधर डीएम के सख्त रवैए को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे और बन रही गुणवत्ताविहीन सड़क से गिट्टी को हटवा दिया। इस संबंध में डीएम आर्यका अखौरी ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। घटिया निर्माण से संबंधित जो भी अधिकारी उत्तरदायी होंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। साथ ही जांच के तकनीकी टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। शादियाबाद थानाध्यक्ष महेश पाल सिंह ने बताया कि जांच टीम द्वारा रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई होगी।