गोंडा देहाती स्थित बिंदु होटल के पास रखा ईंटों ढेर। संवाद
गाजीपुर। मृतक विनीत राय के पिता और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय ने बेटे की हत्या से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि होटल में बाउंड्री निर्माण और अपग्रेडेशन का काम चलने के कारण सीसीटीवी कैमरे हटाए गए थे और उनके तार खुले हुए थे। अपराधियों ने इसी बात का फायदा उठाकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। आलोक राय ने आरोप लगाया कि कटरा गैंग के कुख्यात सरगना शंकर पांडेय ने महज एक वर्ष के भीतर करीब दस बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। उसने और उसके गुर्गों ने रौजा तिराहा, लंका और जमानिया तिराहे पर सरेआम गोलियां चलाईं और एक पूर्व प्रधान के बेटे की चाकू गोदकर हत्या भी कर दी। पीड़ित पिता ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि वर्ष 2024 में भी शंकर पांडेय ने अपने साथियों के साथ उनके होटल में तोड़फोड़ की थी। तब होटल कर्मचारियों ने उसे रंगे हाथों दबोचकर खुद कोतवाली पुलिस के हवाले किया था। गिरफ्तारी के डर से गिड़गिड़ाने वाले उस अपराधी को पुलिस ने महज मेडिकल कराकर छोड़ दिया। पुलिस की इसी ढिलाई और शह के कारण आज उनके मासूम बेटे की जान चली गई। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक राय ने बताया कि पुलिस कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। आरोपी शंकर पांडेय ने न्यायालय में सरेंडर किया था। वह जेल के अंदर रहकर रंगदारी नहीं मांगता था। आलोक राय ने कहा कि जब वह जेल से छूटने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।