गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात चली गोली लगने से घायल युवक का उपचार वाराणसी में चल रहा है। वहीं, गोली चलाने का आरोपी अतीक अहमद प्रकरण के गवाह नीरज कुमार शुक्ला का गनर बताया जा रहा है। वह फरार है।
मीरपुर गांव निवासी सोनू यादव (25) वर्ष शुक्रवार की रात सात बजे अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित अपने बकरी पालन केंद्र पर था। इसी समय नसीरपुर गांव निवासी मिथिलेश पहुंचा, जो प्रयागराज में सिपाही के पद पर तैनात है।
आरोप है कि उसने सोनू पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। इससे एक गोली पेट व दो गोली जांघ में लगी। वहीं, घटना के बाद से वह फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घायल सोनू का उपचार वाराणसी में कराया जा रहा है, जो खतरे से बाहर बताया जा रहा है। वहीं, घायल के पिता कालीचरन यादव ने गांव निवासी मिथिलेश और दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, पुलिस के जांच में यह बात सामने आई कि वर्ष 2016 में मिथिलेश को गोली लगी थी, जिसमें सोनू पर आरोप लगा था।
इस मामले में सोनू जमानत पर जेल से बाहर आया है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बरवार ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सिपाही के गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इसके लिए स्थानीय टीमें लगाई गई हैं।