जमानिया। रामपुर उर्फ सलेमपुर गांव के सिवान में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें लगभग 14 बीघे गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। सिवान में आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस, तहसील एवं दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद सभी आग बुझाने में जुट गए। हवा चलने की वजह से आग फैलती चली गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से किसी तरह आग बुझाई। तब तक किसान ऋषिकेश तिवारी की छह बीघे, भरत यादव का 55 बिस्वा, भइया राम पांच, सुदर्शन पांच, पुष्पा देवी की आठ, सुखराम की 38, अवधेश की 25 और ज्वाला प्रसाद की 30 बिस्वा खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में खेत में काट कर रखे विमला देवी के 20, भोला 15 और बिंदा देवी की 10 बोझ अरहर की फसल जलकर नष्ट हो गई। जमानिया कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य मौके पर पहुंचे। लेखपाल विनय दुबे ने मौका मुआयना कर तहसील में आगजनी से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट दी। इस संबंध में तहसीलदार घनश्याम ने बताया कि आगजनी की सूचना मिली थी। इस पर हलका लेखपाल को मौके पर भेजा गया था। आग खेत में लगी है। अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट मंडी समिति को भेजी जाएगी।